PCB आ जाएगा रोड पर, IND vs PAK मैच नहीं होने से होगा 2200 करोड़ का नुकसान

टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होने वाला है। इस वर्ल्ड कप के शुरू होने से पहले पाकिस्तान ने फैसला किया है कि वह इस टूर्नामेंट में इंडिया के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करेंगे। उनके इस फैसले से सभी हितधारकों को कितना नुकसान होगा इसको लेकर एक बड़ा रिपोर्ट सामने आया है। आईसीसी के किसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाला मुकाबला अनुमान के मुताबिक करीब 25 करोड़ डॉलर (2200 करोड़ रुपये से अधिक) का रेवेन्यू आता है और ऐसे में आगामी टी20 वर्ल्ड कप में इस अहम मुकाबले के नहीं होने से सभी हितधारकों को भारी वित्तीय नुकसान हो सकता है।

सिर्फ मल्टी नेशन टूर्नामेंट में होता है इंडिया और पाकिस्तान का मैच

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों की वजह से दोनों देश की टीमें केवल मल्टी-नेशन टूर्नामेंटों में ही आमने-सामने होते हैं, लेकिन इस मुकाबले को लेकर रोमांच इतना जबरदस्त होता है कि आईसीसी हर टूर्नामेंट में दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखता है। इन मैचों से ब्रॉडकास्टर्स को भी काफी फायदा होता है। ऐसे में अगर 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच अगर मैच नहीं होता है तो उससे स्टेकहोल्डर्स को काफी ज्यादा नुकसान झेलना पड़ सकता है।

भारतीय मीडिया ब्रॉडकास्टर को भी होगा करोड़ों का नुकसान

पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बहिष्कार करने की घोषणा की। पाकिस्तान अगर अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो उसे करोड़ों डॉलर का रेवेन्यू का नुकसान हो सकता है। मैच नहीं होने की स्थिति में आईसीसी के खजाने और भारतीय मीडिया ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को भी भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। जियोस्टार पहले से ही ICC के साथ अपने तीन अरब डॉलर के करार पर फिर से बातचीत करने की कोशिश कर रहा है। मेजबान प्रसारक को इस बड़े मुकाबले से 200 से 250 करोड़ रुपये तक के एड रेवेन्यू का नुकसान हो सकता है। इस मैच के दौरान 10 सेकंड के एड की कीमत 40 लाख रुपये तक होती है।

ICC लगा सकता है PCB पर जुर्माना

पाकिस्तान अगर भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करता है तो ‘वॉकओवर’ की स्थिति में हालांकि भारत को पूरे अंक मिल जाएंगे, लेकिन आईसीसी के पास PCB  पर वित्तीय जुर्माना लगाने का पूरा अधिकार रहेगा। आईसीसी और पीसीबी के पूर्व संचार प्रमुख समी-उल-हसन बर्नी ने इस मुकाबले की आर्थिक गंभीरता का जिक्र करते हुए कहा कि जहां तक प्रतिबंध या नुकसान की बात है, जैसा कि मैंने कहा, एक मैच की लागत 25 करोड़ डॉलर है (इसमें केवल प्रसारक का नुकसान नहीं, बल्कि सभी पहलू शामिल हैं)। पाकिस्तान की सालाना आय 3.55 करोड़ डॉलर है, पाकिस्तान को यहां भी काफी नुकसान झेलना पड़ सकता है। अगर ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर जुर्माना लगाता है तो इससे पाकिस्तान क्रिकेट पूरी तरह से बर्बाद भी हो सकता है।

Share this post :

Facebook
Twitter
LinkedIn
Pinterest