IND A vs USA T20 World Cup Warm up Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा। इससे पहले वार्मअप मुकाबले शुरू हो चुके हैं। वार्म अप मैच में आज इंडिया ए का सामना यूएसए से हुआ। इस मैच में इंडिया में इंडिया ए की टीम ने आसानी से 38 रनों से जीत दर्ज की। इस मैच में भारत ए की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 238 रन बनाए थे। जवाब में यूएसए की टीम 19.4 ओवर में 200 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस वार्म अप मैच में यूएसए की पूरी वही टीम खेली, जो टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई है। वहीं इंडिया ए की टीम में तिलक वर्मा ही एकमात्र ऐसे खिलाडी हैं, जो टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे। आज का ये मुकाबला मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेला गया। टीम इंडिया को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे एन जगदीसन ने 55 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 104 रन बनाए। इसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। तिलक वर्मा ने 24 बॉल पर 38 रन बनाए। वे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। प्रियांश आर्या ने 13 बॉल पर तेजतर्रार 28 रन बनाए। इस टीम के कप्तान आयुष बदोनी ने 26 बॉल पर 60 रनों की आक्रामक पारी खेली। आयुष ने 6 चौके और 4 छक्के ठोके। रियान पराग ने दो बॉल पर दो रन बनाए और नाबाद रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए की शुरुआत इस मैच में अच्छी रही। पहले विकेट के लिए एंड्रीज गॉस और मोनांक पटेल ने 32 रन जोड़े। मोनांक के आउट होने के बाद अमेरिका के बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी साझेदारियां जरूर की, लेकिन वह लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते चले गए। इस वजह से ऐसा कभी नहीं लगा कि टीम 239 रन के बड़े टारगेट को हासिल कर सकती है। अमेरिका की टीम के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज एंड्रीज गॉस ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। उनके अलावा संजय कृष्णामूर्ति ने 18 बॉल पर 41 रन की पारी खेली। वहीं शुभम रंजने ने 17 बॉल 28 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी की बात करें तो वहां रवि बिश्नोई को तीन विकेट मिले। भारतीय की सीनियर टीम यानी जो टीम विश्व कप खेलेगी, वो टीम 4 फरवरी को खेलती हुई नजर आएगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ये मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाएगा।
भारत ए टीम: एन जगदीसन (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, तिलक वर्मा, नमन धीर, आयुष बदोनी (कप्तान), रियान पराग, उर्विल पटेल, आशुतोष शर्मा, रवि बिश्नोई, खलील अहमद, मयंक यादव, अशोक शर्मा, विप्रज निगम, गुरजापनीत सिंह, मानव सुथार।
यूएसए टीम: एंड्रीज गौस, सैतेजा मुक्कामल्ला, मोनांक पटेल (विकेटकीपर/कप्तान), शेहान जयसूर्या, शुभम रंजने, संजय कृष्णमूर्ति, शयान जहांगीर, हरमीत सिंह, शैडली वान शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रावलकर, मिलिंद कुमार, मोहम्मद मोहसिन, नोस्टुश केनजिगे, जसदीप सिंह।



